
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों को पार्किंग की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से शहर विधायक संजीव शर्मा ने जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र,अम्बेडकर रोड गाजियाबाद के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार मित्तल (मेदी वाले) को पत्र लिखकर 20 अक्टूबर 2026 से 10 नवंबर 2026 तक पार्किंग निःशुल्क उपलब्ध कराने के लिए कहाँ है।
विधायक संजीव शर्मा ने अपने पत्र में कहा कि त्योहारों के दौरान अंबेडकर रोड सहित शहर के विभिन्न बाजारों में बड़ी संख्या में नागरिक खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण पार्किंग की समस्या उत्पन्न होती है, जिससे व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के इस विशेष अवसर पर नागरिकों की सुविधा, बाजारों में सुचारु आवागमन और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जवाहर लाल नेहरू युवा केंद्र परिसर में निर्धारित अवधि तक निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था किया जाना जनहित में आवश्यक है।
विधायक ने नेहरू युवा केंद्र के अध्यक्ष को अपने पत्र मे लिखा कि त्योहारों के दौरान पार्किंग निःशुल्क करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों को राहत मिले और साथ ही स्थानीय व्यापारियों को भी इसका लाभ प्राप्त हो सके।
पत्र की प्रतिलिपि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव को भी आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेजी गई है।



