Homeगाजियाबादराजनीतिसामाजिक

2027 विधानसभा चुनाव में उतरेगी करणी सेना, यूपी में संगठन विस्तार का ऐलान

गाजियाबाद, 16 जून, (आनन्द धारा)। गाजियाबाद आर डी सी स्थित मॉल में मंगलवार को करणी सेना पंजीकृत की एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू ने आगामी रणनीतियों और संगठन के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में करणी सेना सक्रिय भूमिका निभाएगी। इसके लिए संगठन द्वारा प्रदेश के प्रत्येक जिले में चिंतन शिविर, प्रशिक्षण वर्ग एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किए जाएंगे, जिससे संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

उन्होंने बताया कि करणी सेना वर्तमान में उत्तर प्रदेश के 40 जिलों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है तथा शेष जिलों में भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है। संगठन का लक्ष्य प्रत्येक जिले में मजबूत इकाई का गठन करना तथा आगामी चुनावों के लिए योग्य एवं समर्पित उम्मीदवारों की पहचान करना है। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु एक विशेष कोर कमेटी के गठन का भी निर्णय लिया गया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में दान पात्र एवं चंदे की चोरी की हालिया घटना पर भी करणी सेना ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू ने मांग की कि दोषियों के खिलाफ शीघ्र एवं कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने घोषणा की कि आरोपियों के विरुद्ध करणी सेना की ओर से अयोध्या में मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि करणी सेना समाजहित, राष्ट्रहित और युवाओं को संगठित कर एक मजबूत सामाजिक एवं राजनीतिक शक्ति के रूप में कार्य कर रही है तथा भविष्य में संगठन की भूमिका और अधिक प्रभावशाली होगी।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा आगामी चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री संदीप सिंघल, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष विवेक तोमर, गाजियाबाद जिलाध्यक्ष
गौरव शर्मा, निशित रावल सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button