Homeक्राइमगाजियाबाद

गाजियाबाद में दोस्ती हुई खून से लाल: 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या, तीन हिरासत में एक की तलाश जारी

गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के न्यू शांति नगर में बुधवार देर रात 22 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप उसके ही चार दोस्तों पर लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोहित (22 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात किसी बात को लेकर उसका अपने साथियों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपितों ने मोहित पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहित को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान मुख्य आरोपित के घर और उसके आसपास कई स्थानों पर खून के निशान मिलने की बात सामने आई है, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में न्याय, देव, हरी और गौरव पंडित सहित कुल छह लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने इनमें से तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इधर, घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर जल निगम मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button