
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पत्रकारों के विभिन्न सवालों का जवाब देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव, राम मंदिर मुद्दे, कानून-व्यवस्था और प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों पर पार्टी का पक्ष रखा।
वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पूछे गए प्रश्न पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में इस प्रकार के सभी महत्वपूर्ण निर्णय पार्टी का संसदीय बोर्ड उचित समय पर करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की उपलब्धियों और संगठन की सामूहिक शक्ति के आधार पर चुनाव मैदान में उतरेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा के स्वागत होर्डिंग में सांसद अतुल गर्ग की तस्वीर नहीं होने का मुद्दा भी उठा। इस पर पंकज चौधरी ने कहा कि संभवतः यह एक अनजानी चूक रही होगी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा कुछ स्पष्टीकरण देने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष ने मुस्कुराते हुए विषय को आगे बढ़ा दिया।
अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा प्रकरण पर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल कभी राम मंदिर निर्माण के विरोध में खड़े थे, वही आज राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को उछाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) अपनी रिपोर्ट सौंप चुका है और विपक्ष के आरोप तथ्यों से परे हैं।
दिल्ली में सीजेपी आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारत आज विश्व मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रख रहा है और वैश्विक स्तर पर उसकी भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय अपराध के लिए चर्चित रहने वाला प्रदेश अब निवेश, उद्योग, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के लिए जाना जा रहा है। सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के कारण बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित हो रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक मंजू शिवाच, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी, प्रदेश मंत्री अंकुर शर्मा, मानसिंह गोस्वामी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



