Homeगाजियाबादसामाजिक

धरा प्रहरी फाउंडेशन की प्रथम बैठक सम्पन्न, श्रावण शिवरात्रि महोत्सव हेतु सेवा कार्यों की रूपरेखा तैयार

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। धरा प्रहरी फाउंडेशन (रजि.) की प्रथम बैठक फ्रेंक ऑप्टिकल, गांधी नगर, गाजियाबाद में दिनांक 25 जुलाई 2026 को आयोजित की गई। बैठक में संस्था का परिचय, पदाधिकारियों का चयन तथा श्री दूधेश्वरनाथ श्रावण शिवरात्रि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए चरण पादुका रख-रखाव शिविर एवं सेवा कार्यों की रूपरेखा तय की गई।

संस्था के अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने संस्था के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य प्रतिदिन वानर भोज का आयोजन करते हैं। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं संतुलन बनाए रखने के लिए समय-समय पर वृक्षारोपण तथा पौधों के संरक्षण का कार्य भी किया जाता है। धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में सेवा कार्यों के माध्यम से संस्था सक्रिय भागीदारी निभाती है।

संस्था के संरक्षक डॉ. ओ.पी. अग्रवाल ने कहा कि किसी भी सामाजिक उद्देश्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए अनुशासन एवं स्पष्ट नियम अत्यंत आवश्यक हैं। निर्धारित लक्ष्यों एवं सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली के माध्यम से संस्था समाज सेवा करते हुए समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सकती है।

समाज सेविका चंचल जैन ने संस्था के विजन एवं मिशन की जानकारी देते हुए कहा कि “हम केवल एक टीम का गठन नहीं कर रहे हैं, बल्कि समाज सेवा के लिए एक परिवार बना रहे हैं, जो धरा की रक्षा एवं समाज हित के कार्यों के लिए समर्पित रहेगा।”

बैठक में निर्णय लिया गया कि श्रावण शिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर 8 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक घंटाघर, गाजियाबाद में चरण पादुका शिविर लगाया जाएगा। शिव भक्तों की सुविधा के लिए चरण पादुका रख-रखाव के साथ-साथ पेयजल सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। संस्था के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य दिन-रात सेवा कार्यों में सहयोग करेंगे।

इस अवसर पर डॉ. ओ.पी. अग्रवाल, चंचल जैन, बाल किशन गुप्ता, मयंक गुप्ता, शैल प्रभा, अशोक भारतीय, राकेश गुप्ता, मीरा गुप्ता, शुभ गर्ग (शंखनाद वाली), आर.के. शारदा, प्रेमलता, योगाचार्य देवेंद्र, रश्मि गर्ग, विनोद कुमार सक्सेना, रतना सिंघल, बी.के. गुप्ता, पलक गुप्ता, पंकज, अमन, गौरव सहित अनेक सदस्यों ने सहभागिता की तथा आगामी कांवड़ महोत्सव की तैयारियों में बढ़-चढ़कर योगदान देने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button