
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। संस्कार वैभव की अगस्त माह की 19 अगस्त 2026 को साहित्यिक संगोष्ठी पार्श्वनाथ सोसायटी, गाजियाबाद स्थित श्रीमती शालिनी सिंह के आवास पर आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सामूहिक वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात सचिव मधु मंत्री द्वारा गत माह की साहित्यिक गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
संस्कार वैभव की अध्यक्ष श्रीमती मीना जैन ने उपस्थित सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए राष्ट्रधर्म के पालन का संदेश दिया। साहित्यकार परिचय स्तंभ के अंतर्गत राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की प्रसिद्ध कविता “कलम आज उनकी जय बोल” का प्रभावी पाठ निधि वर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया।
संगोष्ठी के प्रमुख विषयों में देशप्रेम, स्वतंत्रता दिवस, आतंकवाद, कारगिल दिवस, नवभारत निर्माण में हमारी भूमिका तथा अगस्त माह के विभिन्न त्योहार शामिल रहे। मुक्ति बत्रा के कुशल संचालन में सभी साहित्यकारों ने अपनी-अपनी रचनाओं का पाठ किया। कार्यक्रम के दौरान तुलसी महिमा, रामचरितमानस से राम-सुग्रीव मित्रता प्रसंग तथा देशभक्ति गीतों का सामूहिक गायन भी किया गया।
अंत में ऋतु जैन द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। संगोष्ठी में मीना जैन, संध्या सिंह, आशा सक्सेना, लक्ष्मी भट्ट, ऋतु जैन, रेनू बाला सिंह, निधि वर्मा, शालिनी सिंह, मुक्ति बत्रा, मनीषी सिन्हा, सुमन बिष्ट, सुनीता सिंह, विद्या गोलेसर तथा मधु मंत्री सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।



