पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय मोरटी में ब्राजील के शिक्षाविदों का शैक्षिक भ्रमण, निपुण भारत मिशन की सराहना

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। रजापुर, निपुण भारत मिशन के सफल क्रियान्वयन को देखने के लिए कई देशों के शिक्षाविद भारत आ रहे हैं। इसी क्रम में ब्राजील से आए शिक्षाविदों के दल ने पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय मोरटी, रजापुर, गाजियाबाद में शैक्षिक भ्रमण किया।
आज विद्यालय में ब्राजील से आए शिक्षाविदों का भव्य स्वागत किया गया। प्रातः 8:30 बजे नन्हे-मुन्हे बच्चों ने रोली-चावल से तिलक लगाकर, बैंड बजाकर और स्वागत कार्ड देकर अतिथियों का स्वागत किया। समस्त स्टाफ द्वारा सम्मान पटका पहनाकर उन्हें सम्मानित किया गया।

भ्रमण के दौरान शिक्षाविदों ने निपुण भारत के अंतर्गत कक्षा-1 व कक्षा-2 के शिक्षण कार्य का अवलोकन किया। कक्षा-1 की शिक्षिका श्रीमती मधु सिंह और कक्षा-2 की शिक्षिका श्रीमती अंजलि अग्निहोत्री द्वारा कराए जा रहे गतिविधि आधारित शिक्षण और बच्चों द्वारा की जा रही शैक्षिक गतिविधियों की उन्होंने भरपूर सराहना की।
विद्यालय की एसआरजी श्रीमती विनीता त्यागी द्वारा निपुण भारत मिशन के अंतर्गत क्रियान्वित की जा रही योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया।

अपने अनुभव साझा करते हुए ब्राजील के शिक्षाविदों ने विद्यालय की समीक्षा पंजिका में लिखा कि यह भ्रमण उनके लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने लिखा -“हमने जो सीख हासिल की है, उसे संजोकर रखेंगे और ब्राजील में अपने बच्चों को बेहतर बनाने के लिए इसका उपयोग करेंगे।”उन्होंने कहा कि भारत को स्कूल श्रेष्ठ शुभकामनाएं।
कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन का श्रेय प्रधानाध्यापक रविन्द्र कुमार, श्रीमती अर्चना पवार, श्रीमती राजबाला, श्रीमती सीमा रानी, श्रीमती मीनू त्यागी, श्रीमती नीतू सिंह, श्रीमती सुनीता सहित समस्त स्टाफ को जाता है।



