Homeअध्यात्मगाजियाबादसामाजिक

रामलीला महोत्सव के साथ सामाजिक सेवा की पहल, इंदिरापुरम में निःशुल्क बॉडी फ्रीजर की सुविधा शुरू

इंदिरापुरम,(आनन्द धारा)। श्री राम–सीता धार्मिक सेवा समिति की ओर से आगामी श्री रामलीला महोत्सव 2026 को लेकर शिप्रा शिव मंदिर परिसर में 26 सितंबर 2026 को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान समिति ने रामलीला के कार्यक्रमों के साथ सामाजिक सेवा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों की जानकारी साझा की।

समिति के अध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि इस वर्ष रामलीला महोत्सव का आयोजन 10 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। धार्मिक मंचन के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि डांडिया नाइट इस आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगी।

क्षेत्रवासियों को मिलेगी निःशुल्क बॉडी फ्रीजर की सुविधा

समिति ने इंदिरापुरम क्षेत्र के लोगों के लिए निःशुल्क बॉडी फ्रीजर सुविधा शुरू करने की घोषणा की। संजय सिंह ने कहा कि किसी परिवार में निधन होने की स्थिति में शव को सुरक्षित रखने के लिए बॉडी फ्रीजर और अंतिम यात्रा वाहन की व्यवस्था करना कई बार आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसी आवश्यकता को देखते हुए समिति ने यह सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने बताया कि यदि रामलीला आयोजन में समाज का पर्याप्त सहयोग प्राप्त होता है, तो सहयोग राशि के माध्यम से एक अंतिम यात्रा वाहन समाज सेवा के लिए उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा।

राम विवाह के दिन जरूरतमंद कन्या का विवाह

रामलीला महोत्सव के दौरान श्री राम–सीता विवाह प्रसंग के अवसर पर एक जरूरतमंद कन्या का विवाह कराने की भी घोषणा की गई। समिति के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य धार्मिक आयोजन को सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना से जोड़ना है।

समिति ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक कथा के मंचन तक सीमित न रहे, बल्कि इसके माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश भी पहुंचे।

अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि “सनातन एक विचार है, जो संसार को जीवन जीने का मार्ग दिखाता है।” उन्होंने कहा कि रामलीला के माध्यम से लोगों को सेवा और एकता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।

समिति ने क्षेत्रवासियों से परिवार और बच्चों के साथ रामलीला में शामिल होने तथा आयोजन एवं सामाजिक सेवा की इन पहलों में अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग देने की अपील की। साथ ही, आयोजन में सहयोग कर रहे सामाजिक कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button