सांस्कृतिक महोत्सव में छाए विद्यालय के छात्र-छात्राएं, कथा कथन से लोक नृत्य तक शानदार प्रदर्शन

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव 2026 के अंतर्गत विभागीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में विद्यालय के विद्यार्थियों ने कई पुरस्कार जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सीमा गोयल, विद्यालय प्रबंधक योगेश गोयल, अध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल, मुख्य अतिथि डॉ. संत कुमार (प्रधानाचार्य, कनोहर लाल इंटर कॉलेज, मेरठ) एवं संभाग निरीक्षक जगबीर शर्मा ने मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में श्री प्रदीप गोयल (अध्यक्ष, युवा वैश्य समाज), श्री राजेंद्र गोयल (संरक्षक, युवा वैश्य समाज), नवीन कुमार बिश्नोई (सह-संयोजक) एवं आचार्या अनुराधा जी उपस्थित रहीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में स्थान प्राप्त किए। शिशु वर्ग की कथा कथन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अंताक्षरी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बाल वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता में द्वितीय और कथा कथन प्रतियोगिता में तृतीय स्थान मिला। इसके अतिरिक्त लोक नृत्य प्रतियोगिता में द्वितीय तथा आचार्य पत्रवाचन प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रबंध समिति ने सभी विजेता प्रतिभागियों एवं आचार्यों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। समिति के सदस्यों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सांस्कृतिक मूल्यों और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी कला और कौशल प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।



