Homeअध्यात्मगाजियाबादसामाजिकसांस्कृतिक

मुरादनगर रामलीला में रावण और श्रीराम जन्म की लीला का भव्य मंचन

मुरादनगर,(आनन्द धारा)। टंकी रोड स्थित रामलीला मैदान में श्री आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला महोत्सव के दूसरे दिन भगवान श्रीराम और रावण के जन्म की लीलाओं का भावपूर्ण एवं भव्य मंचन किया गया। मंचन के दौरान कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को धार्मिक प्रसंगों से जोड़ दिया।

रामलीला में जैसे ही अयोध्या में भगवान श्रीराम के जन्म का समाचार पहुंचा, पूरा वातावरण खुशी और उल्लास से भर गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए। राजा दशरथ के यहां श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के जन्म का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। इस दौरान बधाइयां गाई गईं और पुष्पवर्षा कर भगवान के जन्मोत्सव की खुशी मनाई गई।

चारों राजकुमारों की बाल लीलाओं का भी सुंदर मंचन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुति देखकर दर्शक भावविभोर नजर आए और राम जन्म के प्रसंग ने पूरे रामलीला मैदान में भक्तिमय माहौल बना दिया।

लंका में हुआ रावण, कुंभकर्ण और विभीषण का जन्म

वहीं दूसरी ओर लंका के प्रसंग में रावण, कुंभकर्ण और विभीषण के जन्म की कथा का मंचन किया गया। तीनों भाइयों द्वारा घोर तपस्या करने और ब्रह्मा जी को प्रसन्न करने का प्रसंग भी मंच पर दिखाया गया।

रामलीला के अनुसार, रावण ने ब्रह्मा जी से अमरत्व का वरदान मांगा, लेकिन ब्रह्मा जी ने इसे देने में असमर्थता जताई। इसके बाद रावण ने वरदान मांगा कि नर और वानर को छोड़कर कोई भी उसे पराजित न कर सके। रावण को मनुष्य और वानर से किसी प्रकार का भय नहीं था। ब्रह्मा जी ने उसकी मांग के अनुसार वरदान प्रदान कर दिया।

श्रीराम जन्म और रावण जन्म के प्रसंगों के मंचन के दौरान रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। धार्मिक संवाद, अभिनय और मंच सज्जा ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।

इस अवसर पर रामलीला कमेटी के संचालक बुद्ध प्रकाश गोयल, अरविंद भारतीय, सुशील गोयल, अध्यक्ष विनोद धनगर, महामंत्री महेश चंद गोयल, कोषाध्यक्ष सुभाष चंद्र गुप्ता, अशोक कुमार गुप्ता, अमरीश गोयल, महेश चंद सिंघल, रघुनंदन रस्तोगी, सभासद भूपेंद्र पाल, डॉ. राजेंद्र अरोड़ा सहित कमेटी के पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button