
जिला जज विनोद सिंह रावत ने भी की सराहना
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश सभापति बृजेश पाठक से जिला अस्पताल एमएमजी हॉस्पिटल, गाजियाबाद में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद के पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर संस्था द्वारा संचालित विभिन्न जनसेवा एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा हुई। बृजेश पाठक ने गाजियाबाद रेड क्रॉस द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद के सभापति सुभाष गुप्ता, सचिव राजेश गर्ग एवं कोषाध्यक्ष अश्वनी शर्मा की उपस्थिति में संस्था के सेवा कार्य एवं जनकल्याणकारी परियोजनाएँ चर्चा के केंद्र में रहीं। बृजेश पाठक से शिष्टाचार भेंट कर आगामी सेवा योजनाओं पर भी हुई चर्चा।
इस मुलाकात के दौरान गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग एवं सदर विधायक संजीव शर्मा, CMO श्री सचिन चंद्र, CMS श्री राकेश कुमार, ACP श्रीमती सुचिता सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। संस्था की वर्तमान गतिविधियों, भविष्य की योजनाओं, सेवा परियोजनाओं के विस्तार तथा जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य एवं मानवीय सहायता पहुँचाने के विषय पर विचार-विमर्श हुआ। इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद के सभापति सुभाष गुप्ता, सचिव राजेश गर्ग एवं कोषाध्यक्ष अश्वनी शर्मा, विजय नामदेव (राज्य प्रतिनिधि, रेड क्रॉस सोसाइटी), आशुतोष वशिष्ठ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री एवं प्रदेश सभापति बृजेश पाठक को सम्मानित किया तथा संस्था की विभिन्न गतिविधियों एवं आगामी सेवा योजनाओं से अवगत कराया।

इसी क्रम में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद ने उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला न्यायालय परिसर में आयोजित सेवा परियोजनाओं की प्रदर्शनी में भी सक्रिय सहभागिता की। इस प्रदर्शनी में रेड क्रॉस ने अपनी विभिन्न जनकल्याणकारी एवं स्वास्थ्य संबंधी परियोजनाओं को प्रस्तुत किया।
जिला न्यायालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला जज विनोद सिंह रावत, डॉ. नीरज सिंह, डिप्टी सीएमओ, गाजियाबाद, ओपी यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी, गाजियाबाद एवं डिप्टी जेलर बृजेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला जज विनोद सिंह रावत ने रेड क्रॉस द्वारा संचालित सेवा गतिविधियों एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं की सराहना की।
प्रदर्शनी में महिलाओं एवं बालिकाओं की स्वच्छता सुविधाओं के लिए सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन, इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड के सुरक्षित निस्तारण हेतु सैनिटरी पैड डिस्पोजल मशीन, टीबी एवं कुष्ठ रोग उन्मूलन अभियान, पुलिस चौकियों, जिला कारागार एवं सार्वजनिक स्थानों पर प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए फर्स्ट एड बॉक्स परियोजना तथा YouWeCan के सहयोग से संचालित कैंसर जागरूकता एवं प्रारंभिक जाँच अभियान को प्रदर्शित किया गया। कैंसर जाँच एवं जागरूकता के लिए विशेष वाहन की सुविधा भी इस पहल का हिस्सा है।

प्रदर्शनी में रेड क्रॉस की ओर से धवल गुप्ता, विजय नामदेव (राज्य प्रतिनिधि, रेड क्रॉस सोसाइटी), आशुतोष वशिष्ठ, राकेश गुप्ता, विशाल शर्मा, पुष्पेंद्र गुप्ता, अशोक शर्मा, सौरभ मित्तल एवं रमन सक्सेना सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने आगंतुकों को विभिन्न परियोजनाओं के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं सामाजिक उपयोगिता की जानकारी दी।



