Homeगाजियाबादप्रशासनसामाजिकस्वास्थ्य

सरकारी योजना से चार वर्षीय आरोही को मिली सुनने की नई उम्मीद, 6 लाख का ऑपरेशन हुआ निःशुल्क

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। उत्तर प्रदेश सरकार की कॉक्लियर इम्प्लांट योजना एक बार फिर जरूरतमंद परिवार के लिए उम्मीद की किरण बनी है। गाजियाबाद की चार वर्षीय बच्ची आरोही का कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन मेरठ के न्यूटीमा हॉस्पिटल में 1 नवंबर 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस ऑपरेशन पर करीब छह लाख रुपये का खर्च आता है, जिसे सरकार ने योजना के तहत पूरी तरह निःशुल्क वहन किया।

विजय नगर निवासी सागर की बेटी आरोही सुनने और बोलने में असमर्थ थी। परिवार को जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के माध्यम से इस योजना की जानकारी मिली। इसके बाद विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया और औपचारिकताएं पूरी कराने में सहयोग किया। उत्तर प्रदेश सरकार के पैनल में शामिल न्यूटीमा हॉस्पिटल, मेरठ में डॉ. अभिषेक मोहन ने बच्ची का ऑपरेशन किया।

ऑपरेशन सफल होने के बाद अब आरोही को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्पीच और हियरिंग थेरेपी दी जाएगी। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास से उसकी सुनने एवं बोलने की क्षमता विकसित करने में मदद मिलेगी।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान ने बताया कि योजना के तहत पांच वर्ष तक की आयु के पात्र मूक-बधिर बच्चों को कॉक्लियर इम्प्लांट की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे पात्र बच्चों के लिए इस योजना का लाभ लेने हेतु विभाग से संपर्क करें।

आरोही के पिता सागर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि आर्थिक स्थिति के कारण उनके लिए इतना महंगा ऑपरेशन कराना संभव नहीं था। सरकारी सहायता से उनकी बेटी को नया जीवन और बेहतर भविष्य की उम्मीद मिली है।

योजना की जानकारी के लिए संपर्क: जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, गाजियाबाद, कमरा संख्या 131, 132 एवं 133। हेल्पलाइन/व्हाट्सएप नंबर: 8791491011

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button