Homeगाजियाबादसामाजिक

संस्कार वैभव की बाल दिवस विशेष साहित्यिक संगोष्ठी में बाल साहित्य और बाल मनोविज्ञान पर हुई चर्चा

गाजियाबाद,(पवन शर्मा/आनन्द धारा)। इंदिरापुरम स्थित पार्श्वनाथ मैजेस्टिक फ्लोर्स में संस्कार वैभव की नवंबर माह की बाल दिवस विशेष साहित्यिक संगोष्ठी का आयोजन 18 नवंबर 2026 को मधु मंत्री के आवास पर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सामूहिक सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात सचिव मनीषी सिन्हा ने पिछले माह आयोजित साहित्यिक गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया।

बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संस्था की अध्यक्ष मीना जैन ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में बाल साहित्य का सृजन एक चुनौतीपूर्ण दायित्व है। इसके लिए साहित्यकारों को स्वयं बच्चा बनकर बच्चों के बीच समय बिताना चाहिए और उनकी सहज चेष्टाओं, कल्पनाशीलता तथा बाल मनोविज्ञान को गहराई से समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें उचित मंच प्रदान करना हम सभी का दायित्व है।

कार्यक्रम में ईभा प्रसाद ने प्रसिद्ध बाल साहित्यकार हरिकृष्ण देवसरे की हास्य रचना ‘कविवर तोंदूराम बुझक्कड़’ का रोचक पाठ प्रस्तुत कर उपस्थित सदस्यों को आनंदित किया। इसके बाद रेनूबाला सिंह के प्रभावशाली संचालन में संगोष्ठी आगे बढ़ी, जिसमें सभी सदस्यों ने बाल दिवस के अवसर पर अपनी स्वरचित बालोपयोगी रचनाएं प्रस्तुत कीं। रचनाओं के माध्यम से बालमन की कल्पनाओं, भावनाओं और सहज अभिव्यक्तियों को खूबसूरती से सामने रखा गया।

कार्यक्रम के अंत में मुक्ति बत्रा ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उनके धन्यवाद ज्ञापन के साथ साहित्यिक संगोष्ठी का समापन हुआ।

इस अवसर पर मीना जैन, संध्या सिंह, मधु मंत्री, रेनूबाला सिंह, मुक्ति बत्रा, ईभा प्रसाद, शालिनी सिंह, मैत्री मेहरोत्रा, निधि वर्मा, लक्ष्मी भट्ट, विद्या किशोर, सुमन बिष्ट, सुनीता सिंह एवं मनीषी सिन्हा सहित अतिथि के रूप में सुमन शर्मा उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button