Homeखेलगाजियाबादसामाजिक

मंडलीय खो-खो ट्रायल के लिए 12 महिला खिलाड़ियों का चयन, आदित्य शर्मा के मार्गदर्शन में निखर रही खेल प्रतिभाएं

रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट खिलाड़ियों को दे रहा विशेष संरक्षण, राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का संकल्प

गाजियाबाद,(पवन शर्मा/आनन्द धारा)। महामाया स्टेडियम में 21नवंबर, शनिवार को आयोजित जिलास्तरीय महिला खो-खो चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन के आधार पर 12 महिला खिलाड़ियों का चयन मेरठ में आयोजित होने वाले मंडलीय ट्रायल के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ियों में मोनी, आरुषि, अंजलि, लक्ष्मी, शिवानी, काजल, अंशिका, खुशबू, हिमानी, प्रिया, आकृति और आफरीन शामिल हैं।

जिला क्रीड़ा अधिकारी राम मिलन ने जानकारी देते हुए बताया कि चयनित खिलाड़ियों को मंडलीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि जौनपुर में 26 से 28 नवंबर तक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने में खेल शिक्षक आदित्य शर्मा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में अब तक कई प्रतिभाशाली खो-खो खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी पहचान बना चुकी हैं और देश के लिए खेलने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

वहीं, उभरती हुई महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उनके खेल भविष्य को मजबूत बनाने के लिए रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट भी विशेष सहयोग एवं संरक्षण प्रदान कर रहा है। क्लब का उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन, बेहतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन उपलब्ध कराकर उन्हें उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

रोटेरियन अश्वनी शर्मा ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराना क्लब की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। क्लब का प्रयास है कि आर्थिक या अन्य संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी की राह में बाधा न बने। खिलाड़ियों को ऐसा सहयोग मिले, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने चयनित सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे मंडलीय ट्रायल में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button