
समालखा/हरियाणा,(आनन्द धारा न्यूज़)। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन सान्निध्य में संत निरंकारी मिशन का 78वां वार्षिक निरंकारी संत समागम 31 अक्टूबर 2025 से 3 नवम्बर, 2025 तक समालखा, (हरियाणा) में आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष समागम की थीम “आत्ममंथन से आत्मोन्नति की ओर” है, जो आत्मचिंतन और आंतरिक जागरूकता का संदेश देती है।

लगभग 650 एकड़ क्षेत्र में आयोजित यह भव्य आयोजन देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में संपन्न होगा। जो श्रद्धालु स्थल पर उपस्थित नहीं हो सकेंगे, वे मिशन की वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के माध्यम से इसका सीधा प्रसारण देख सकेंगे।
संत निरंकारी सेवादल के लगभग 1 लाख स्वयंसेवक लंगर, यातायात, आवास, सुरक्षा और चिकित्सा सहित सभी व्यवस्थाओं को समर्पण भाव से संभाल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 8 एलोपैथिक व 6 होम्योपैथिक डिस्पेंसरियाँ, 15 प्राथमिक चिकित्सा केंद्र तथा 120-बेड का अस्थायी अस्पताल स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त, कुल 42 एम्बुलेंस (जिनमें 5 वेंटिलेटर एम्बुलेंस भी शामिल हैं) चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगी।
हरियाणा सरकार के सहयोग से 60 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं तथा रेलवे द्वारा विशेष ठहराव की व्यवस्था भी की गई है। समागम परिसर में 4 विशाल लंगर घर और 22 कैंटीनें श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं पेय पदार्थ की सुविधा प्रदान करेंगी।

इस वर्ष की निरंकारी प्रदर्शनी का आधार “आत्ममंथन” रहेगा, जिसमें मिशन के इतिहास, सेवाभाव एवं सामाजिक कार्यों का सुंदर चित्रण होगा। प्रकाशन विभाग द्वारा साहित्य, कैलेंडर, डायरी और विशेष स्मारिका “आत्ममंथन” भी उपलब्ध कराई जाएगी।
यह समागम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता, प्रेम और आध्यात्मिक एकता का महापर्व है, जो विश्व को “एक निरंकार, एक मानवता” का सन्देश देता है।



