
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण (यीडा) अपने रजत जयंती स्थापना दिवस को इस बार भव्य और ऐतिहासिक रूप में मनाने की तैयारी कर रहा है। इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। प्राधिकरण की ओर से मुख्यमंत्री को औपचारिक निमंत्रण भेज दिया गया है।
प्राधिकरण स्तर पर समारोह को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके तहत तीनों एसीईओ की अध्यक्षता में तीन अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है। ये समितियां कार्यक्रम से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी, जिनमें आयोजन स्थल की व्यवस्था, अतिथियों का स्वागत, सुरक्षा, और अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं।
रजत जयंती समारोह के अवसर पर यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विकास कार्यों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार, इस दिन कई बड़ी कंपनियों के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया जा सकता है, जिससे क्षेत्र में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
इसके साथ ही बहुप्रतीक्षित फिल्म सिटी परियोजना के शिलान्यास की भी संभावना जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है, तो यह प्राधिकरण और क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
प्राधिकरण इस समारोह को यादगार बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारी कर रहा है, ताकि यह आयोजन न सिर्फ प्रशासनिक बल्कि औद्योगिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी खास बन सके।



