मेरठ: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ‘मानव धर्म मंदिर’ में योग शिविर व शर्बत वितरण का आयोजन किया गया

(आनन्द धारा–पवन शर्मा)
मेरठ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा मेरठ कैंट स्थित ‘मानव धर्म मंदिर’ आश्रम में योग साधना और जनसेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। सुविख्यात आध्यात्मिक गुरु एवं समाजसेवी श्री सतपाल महाराज जी की प्रेरणा से आयोजित एक दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर और शीतल शर्बत जल सेवा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
सुबह की शांत और सकारात्मक ऊर्जा के बीच प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक योग शिविर आयोजित किया गया। योगाचार्य- रवि कुमार ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की तकनीकों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है।
योगाभ्यास के बाद आश्रम प्रभारी महात्मा ज्योति बाई जी एवं महात्मा आत्मप्रभा बाई जी के सत्संग ने उपस्थित लोगों को आध्यात्मिक प्रेरणा प्रदान की। अपने प्रवचन में उन्होंने सेवा, संस्कार और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का दूसरा चरण जनसेवा को समर्पित रहा। भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से आश्रम के बाहर शीतल मीठे शर्बत की प्याऊ लगाई गई। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस सेवा कार्य में राहगीरों और स्थानीय लोगों ने शर्बत ग्रहण कर राहत महसूस की।
आयोजन को सफल बनाने में आश्रम प्रधान, मानव सेवा दल के पदाधिकारी एवं यूथ विंग से मनीष कुमार, कपिल कुमार, आदेश कुमार,
देवेन्द्र पाल सिंह आदि सदस्यों और सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर योग और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। नगरवासियों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐ आयोजन समाज में स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ आपसी सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।

मानव उत्थान सेवा समिति का यह प्रयास समाजसेवा की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम साबित हुआ।



