सुदेश को ‘उत्थान एक नई पहल’ संस्था की मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली

मुजफ्फरनगर,(आनन्द धारा)। श्रम एवं सेवायोजन के अध्यक्ष ठाकुर रघुराज सिंह के संरक्षण में संचालित संस्था उत्थान एक नई पहल ने संगठन का विस्तार करते हुए समाजसेवी सुदेश जी को मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मनोज प्रजापति ने बताया कि सुदेश जी लंबे समय से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं और हजारों महिलाओं की सहायता कर चुकी हैं। क्षेत्र में उनके सामाजिक कार्यों और जनसेवा के योगदान को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि सुदेश जी बिना किसी जाति-भेदभाव के जरूरतमंद लोगों की मदद करती हैं। उनके इसी समर्पण और सेवा भावना से प्रभावित होकर संस्था ने उन्हें मुजफ्फरनगर जिले की कमान दी है। उनके नेतृत्व में जिले में संस्था की एक मजबूत टीम तैयार होगी और समाजहित के कार्यों को नई गति मिलेगी।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुदेश जी ने संस्था के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।
इस अवसर पर अनुराधा यादव, सविता रानी, सुधीर कुमार, अनिल कुमार सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



