
नई दिल्ली,(आनन्द धारा): 21 जून। विश्व योग दिवस के अवसर पर आध्यात्मिक एवं सामाजिक संस्था मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा देशभर की शाखाओं में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में राजधानी दिल्ली के पश्चिमी पंजाबी बाग स्थित जन्माष्टमी पार्क ग्राउंड (निकट श्री हंस सत्संग भवन) में विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 860 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

आध्यात्मिक गुरु एवं समाजसेवी श्री सतपाल महाराज जी की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय योगाचार्य योगी अजय राणा के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने प्राणायाम और भद्रासन, भुजंगासन, ताड़ासन, वज्रासन आदि आसनों का अभ्यास किया। योगाचार्य ने कहा कि योग से शरीर ही नहीं, मन भी स्वस्थ रहता है और ध्यान केंद्रित करने की क्षमता बढ़ती है।समिति के वरिष्ठ महात्मा श्री प्रेम परागानंद जी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग अध्यात्मिक उन्नति के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा, “चितवृत्तियों को रोकना ही योग है, साथ ही आसनों द्वारा शरीर को स्वास्थ्य लाभ भी मिलता है।”

कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी नांगलोई JAT श्री विक्रम सिंह भी उपस्थित रहे और योगाभ्यास का आनंद लिया। मानव सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुंदर मंच सजावट, मधुर भजनों और सितारवादक डॉ. सुरेन्द्र जी की अद्भुत प्रस्तुति से हुई।

इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ मंत्री श्री आनन्दी प्रसाद जी, महात्मा श्री राम तीर्थानंद जी, महात्मा श्री विनायकानंद जी सहित अन्य महात्मागणों और अतिथियों का पुष्पमालाओं एवं प्रशस्ति-पत्रों से सम्मान किया गया। कार्यक्रम के समन्वयक श्री राहुल प्रजापति रहे तथा मंच संचालन शंकर शर्मा ने किया। योगाभ्यास के उपरांत प्रतिभागियों को फल एवं शिकंजी वितरित की गई।



