
गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशन में शासन के निर्देशानुसार जनपद की तीनों तहसीलों में माह के प्रथम शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। तीनों तहसीलों में कुल 197 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
मोदीनगर तहसील में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 80 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम अजीत कुमार सिंह, तहसीलदार, राजस्व, पुलिस, नगर पालिका तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
लोनी तहसील में एडीएम (एल/ए) अवनीश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 70 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 4 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया। इस दौरान तहसीलदार सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं सदर तहसील में एसडीएम अरुण दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस के दौरान 47 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। कार्यक्रम में तहसीलदार, राजस्व, पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि समाधान दिवस का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। जिन शिकायतों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।



