
मोदीनगर,(आनन्द धारा)। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर अभिमन्यु कुमार गुप्ता के मनोनयन पर वैश्य समाज मोदीनगर की ओर से उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अग्रवाल मंडी, टटीरी (बागपत) पहुंचकर उन्हें मिठाई खिलाई, पुष्पमाला पहनाकर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
वैश्य समाज मोदीनगर के संरक्षक देवराज मित्तल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अभिमन्यु कुमार गुप्ता का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में चयन पूरे वैश्य एवं अग्रवाल समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर देवराज मित्तल ने कहा कि अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन देशभर के अग्रवाल समाज का प्रमुख राष्ट्रीय संगठन है, जो अपनी प्रादेशिक एवं जिला इकाइयों के साथ-साथ महिला और युवा मंडलों के माध्यम से समाज को संगठित करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अभिमन्यु कुमार गुप्ता लंबे समय से समाज सेवा और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं, जिसके चलते उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभिमन्यु कुमार गुप्ता ने सम्मान के लिए वैश्य समाज मोदीनगर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि समाज को एकजुट कर युवाओं, महिलाओं और व्यापारिक वर्ग के हितों के लिए प्रभावी कार्य किए जाएं तथा संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जाए।
कार्यक्रम के दौरान वैश्य समाज के पदाधिकारियों ने उन्हें स्मृति चिह्न एवं शुभकामनाएं भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर वैश्य समाज मोदीनगर के अध्यक्ष डॉ. ब्रजभूषण बंसल, कोषाध्यक्ष अश्वनी, उपाध्यक्ष संजय सिंघल, सुदेश मित्तल, अनिल गोयल, डॉ. आशाराम गर्ग, मीडिया प्रभारी राजेंद्र गोयल, सहमंत्री रवीन्द्र, सर्वेश मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



