Homeगाजियाबादप्रशासनसामाजिक

सैनिक भवन खाली कराने व नोडल अधिकारी नियुक्ति की मांग, सैनिक बंधु समिति ने सौंपा ज्ञापन

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। सैनिक बंधु समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक रेडियम सिटी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रेडियम सिटी के अध्यक्ष विकास कश्यप ने की तथा संचालन जिला सैनिक अधिकारी द्वारा किया गया। बैठक में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष एडवोकेट बी.सी. बंसल, महासचिव सुरेंद्र कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष चौधरी महिपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं सैनिक परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके उपरांत सैनिक बंधु समिति की ओर से जिलाधिकारी गाजियाबाद के नाम संबोधित एक ज्ञापन विकास कश्यप को सौंपा गया।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि जनपद के शस्त्रधारी पूर्व सैनिकों के शस्त्र लाइसेंसों का पंजीकरण एवं नवीनीकरण कार्य शीघ्र कराया जाए। साथ ही सैनिक भवन में रखी गई ईवीएम मशीनों को हटाकर भवन को सैनिकों के उपयोग हेतु खाली कराया जाए।

इसके अतिरिक्त मांग की गई कि सैनिक बंधु समिति की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में नियमित रूप से आयोजित की जाए तथा समिति का गठन विधिवत रूप से किया जाए। सैनिक परिवारों के विभिन्न प्रपत्रों एवं दस्तावेजों के सत्यापन के लिए एक नोडल अधिकारी नामित करने की भी मांग उठाई गई, जिससे सैनिकों एवं उनके परिजनों को प्रशासनिक कार्यों में सुविधा मिल सके।

बैठक में उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों ने प्रशासन से इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपेक्षा व्यक्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button