Homeखेलगाजियाबादशिक्षा

MMH College में बेसबॉल अंतरमहाविद्यालयीय प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 20 टीमों ने लिया हिस्सा

गाजियाबाद, 22 सितंबर 2026। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से संबद्ध महाविद्यालयों की बेसबॉल अंतरमहाविद्यालयीय प्रतियोगिता 2026-27 का मंगलवार को एमएमएच कॉलेज, गाजियाबाद में उत्साह और खेल भावना के साथ शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों की कुल 20 टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें 12 महिला और 8 पुरुष टीमें शामिल हैं।

उद्घाटन समारोह में आयोजन सचिव एवं शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. पवन कुमार ने विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों, टीम प्रभारियों और अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। प्राचार्य ने कहा कि एमएमएच कॉलेज खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए लगातार मंच उपलब्ध कराता रहेगा।

शिक्षक और छात्र-छात्राएं रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य प्रॉक्टर डॉ. आर.एस. यादव, शारीरिक शिक्षा विभाग से डॉ. डी.के. यादव, प्रो. जितेंद्र पाल सिंह और डॉ. संदीप कुमार समेत महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. राजपाल त्यागी, प्रो. कामना यादव, प्रो. राखी द्विवेदी, प्रो. मीनाक्षी जी और हरिदत्त शर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उद्घाटन समारोह के दौरान कॉलेज परिसर में खेल भावना और उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रो. संजय कुमार सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति के सभी सदस्यों को बधाई दी और खिलाड़ियों को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button