
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। श्री हंस इंटर कॉलेज में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री, प्रख्यात आध्यात्मिक मार्गदर्शक एवं मानव उत्थान सेवा समिति के प्रेरणास्रोत श्री सतपाल महाराज जी का जन्मदिवस 21 सितंबर 2026 को बड़े उत्साह, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने महाराज जी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर जनसेवा के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाराज जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विनोद कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि श्री सतपाल महाराज जी ने पूज्य हंस जी महाराज के आदर्शों और पदचिह्नों का अनुसरण करते हुए मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से समाज में नैतिकता, आध्यात्मिकता, सेवाभाव एवं आत्मज्ञान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया है। उनके जीवन से हमें अनुशासन, समर्पण और निस्वार्थ सेवा की प्रेरणा मिलती है।
प्रधानाचार्य श्री विनोद कुमार जी ने छात्र-छात्राओं को मिठाई वितरित कर जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं तथा महाराज जी के आध्यात्मिक योगदान, समाज सुधार एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जीवन में उच्च आदर्शों को अपनाते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान दें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने महाराज जी के प्रति अपनी श्रद्धा एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं। विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा और सभी ने महाराज जी के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घ जीवन की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



