
गाजियाबाद,(आनन्द धारा/पवन शर्मा)। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उद्योग व्यापार मंडल एवं वरिष्ठ समाजसेवी अजय गुप्ता ने मसूरी के नव नियुक्त सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सुनील कुमार भारद्वाज से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का प्रतीक चिन्ह भेंट कर तथा सम्मान स्वरूप पटका पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
भेंटवार्ता के दौरान एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का कोई भी नागरिक अपनी समस्या या शिकायत लेकर बेहिचक उनके कार्यालय आ सकता है। प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
एसीपी ने जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया तथा कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर अजय गुप्ता ने एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज की कार्यशैली और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही उन्होंने एसीपी के सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।



