Homeशिक्षासामाजिकहापुड़

जेएमएस खेल महोत्सव-2026 का भव्य आगाज 26 अक्टूबर से शुरू, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिलेगा सम्मान

हापुड़,(आनन्द धारार)। जेएमएस वर्ल्ड स्कूल, हापुड़ में 26 से 29 अक्टूबर तक चार दिवसीय जेएमएस खेल महोत्सव-2026 (सीजन-3) का भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। इस खेल महोत्सव में आठ प्रमुख खेलों के अंतर्गत विभिन्न आयु वर्गों के बालक एवं बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

जेएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आयुष सिंघल ने बताया कि खेल महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनमें अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। इस आयोजन के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

जेएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सचिव डॉ. रोहन सिंघल ने बताया कि खेल महोत्सव के अंतर्गत प्रतियोगिताएँ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएँगी। 26 अक्टूबर को बास्केटबॉल, वॉलीबॉल एवं क्रिकेट, 27 अक्टूबर को कबड्डी, खो-खो एवं शतरंज तथा 28 अक्टूबर को फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। वहीं, 29 अक्टूबर को एथलेटिक्स की विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं के साथ खेल महोत्सव का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. निधि मलिक ने बताया कि एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की आयु के अनुसार विभिन्न स्पर्धाएँ निर्धारित की गई हैं। अंडर-10 वर्ग में 60 मीटर एवं 100 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप और किड्स जैवलिन; अंडर-12 वर्ग में 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप और किड्स जैवलिन की प्रतियोगिताएँ होंगी।

इसी प्रकार, अंडर-14 वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, शॉट पुट और डिस्कस थ्रो आयोजित किए जाएँगे। अंडर-16 वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर एवं 800 मीटर दौड़ के साथ लॉन्ग जंप, शॉट पुट, डिस्कस और जैवलिन थ्रो शामिल हैं। वहीं, अंडर-19 वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर एवं 1500 मीटर दौड़ के साथ लॉन्ग जंप, शॉट पुट, डिस्कस और जैवलिन थ्रो की स्पर्धाएँ आयोजित की जाएँगी।

विद्यालय के स्पोर्ट्स डायरेक्टर दीपांशु गर्ग ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, सर्वाधिक पदक प्राप्त करने वाली टीमों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान की चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button