मुरादनगर रामलीला में श्रीराम ने किया ताड़का वध, दर्शकों ने लगाए जय श्रीराम के जयकारे

मुरादनगर,(आनन्द धारा)। टंकी रोड स्थित रामलीला मैदान में श्री आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला महोत्सव में सोमवार को विश्वामित्र आगमन एवं ताड़का वध की लीला का भव्य और भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मंचन के दौरान दिखाया गया कि राक्षसों द्वारा यज्ञ में लगातार विघ्न उत्पन्न किए जाने से चिंतित मुनि विश्वामित्र महाराजा दशरथ के दरबार में पहुंचते हैं। वे यज्ञ की रक्षा के लिए श्रीराम और लक्ष्मण को अपने साथ भेजने का आग्रह करते हैं। पुत्रों को राक्षसों के बीच भेजने को लेकर राजा दशरथ पहले असमंजस में पड़ जाते हैं, लेकिन मुनि विश्वामित्र के समझाने पर वे दोनों राजकुमारों को उनके साथ भेजने के लिए सहमत हो जाते हैं।
वन की ओर जाते समय श्रीराम और लक्ष्मण का सामना भयंकर राक्षसी ताड़का से होता है, जो अपने आतंक और मायावी शक्तियों से ऋषि-मुनियों को लंबे समय से परेशान कर रही थी। मुनि विश्वामित्र के आदेश पर श्रीराम ताड़का का सामना करते हैं। ताड़का के भीषण आक्रमण के बावजूद श्रीराम अपने धनुष-बाण से उसका डटकर मुकाबला करते हैं और अंततः उसका वध कर देते हैं। ताड़का वध के दृश्य में धर्म की अधर्म पर विजय का संदेश दर्शाया गया, जिसे देखकर पूरा मैदान “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर कमेटी के बुधप्रकाश गोयल, अरविंद भारतीय, सुशील गोयल, अध्यक्ष विनोद धनगर, महामंत्री महेश गोयल, कोषाध्यक्ष सुभाष चंद गर्ग, रघुनंदन रस्तोगी, वरिष्ठ पत्रकार रामकिशन बंधु, संजीव त्यागी, अनिल गोयल, उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष राजकुमार गोयल, रामऔतार गर्ग, शिवकुमार गोयल, मोहित त्यागी, सभासद अनिल शर्मा, नितिन कुमार, भूपेंद्र पाल, महेश, सुरेश चंद, राजकुमार गौतम सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



