
नई दिल्ली। NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करते हुए बड़ा फैसला लिया है। परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म के एक्सेस पर अस्थाई रोक लगा दी गई है।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत यह निर्देश जारी किया है। इसके तहत भारत में टेलीग्राम का इस्तेमाल एक निश्चित और सीमित अवधि के लिए प्रतिबंधित किया गया है।
सरकार द्वारा लगाया गया यह प्रतिबंध 22 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा, जिसमें NEET UG की पुनर्परीक्षा का दिन और उसके बाद का महत्वपूर्ण समय भी शामिल है।
गौरतलब है कि NEET UG की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जानी है। परीक्षा को लेकर पहले सामने आए विवादों के बाद इस बार सुरक्षा व्यवस्था को बेहद मजबूत बनाया गया है। प्रश्नपत्र की सुरक्षा से लेकर परीक्षा केंद्रों तक कई स्तरों पर निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
NTA ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर पेपर लीक या अफवाहों को रोकने के लिए भी निगरानी बढ़ाई गई है।
अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा से जुड़े किसी भी प्रकार के फर्जी दावे, अफवाह या अनुचित गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। छात्रों और अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें और किसी भी भ्रामक संदेश से बचें।
NEET UG 2026 री-एग्जाम में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे, ऐसे में सरकार परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सुरक्षा के हर स्तर पर विशेष ध्यान दे रही है।



