
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। सैनिक परिवार गाजियाबाद पूर्व सैनिक जन कल्याण समिति एवं अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद गाजियाबाद इकाई की मासिक बैठक सैनिक सभागार, जिला सैनिक बोर्ड में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष एडवोकेट बी.सी. बंसल ने की, जबकि संचालन महासचिव सुरेंद्र कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष चौधरी महिपाल सिंह एवं संयुक्त सचिव सुरेंद्र सिंह ढाकरे ने किया।
बैठक की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास एवं प्राणायाम से हुई। आचार्य निरंजन सिंह, केपी सिंह एवं जागरथन आर्य ने पूर्व सैनिकों को योगासन कराए, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान संस्था ने जनपद में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों के शस्त्र लाइसेंस के पंजीकरण एवं नवीनीकरण की समस्या को प्रमुखता से उठाया। पूर्व सैनिकों ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन द्वारा शस्त्र लाइसेंस संबंधी कार्यवाही नहीं किए जाने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस संबंध में संस्था पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में अपर जिलाधिकारी न्यायिक को ज्ञापन सौंपकर समस्या के जल्द समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो पूर्व सैनिकों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
बैठक में सैनिक परिवारों से जुड़ी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पूर्व सैनिकों की समस्याओं को भी दर्ज किया गया, जिन्हें आगामी जिला सैनिक बंधु समिति की बैठक में जिलाधिकारी, जिला सैनिक अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।

इस अवसर पर बसंत कुमार, अशोक चौधरी, आर्यन सिंह, महेश कुमार सदरपुर, आरपी ढाका, वेद प्रकाश शर्मा, महावीर चौधरी, एमपी सिंह, राजवीर प्रधान, एसपी सिंह, करतार सिंह, गजेंद्र सिंह, मोहम्मद यूसुफ सहित कई पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
बैठक में श्रीमती किरण स्वरूप को सैनिक महिला ब्रिगेड की महानगर संयोजिका का दायित्व सौंपा गया। समापन अवसर पर महासचिव सुरेंद्र शर्मा ने सभी उपस्थित पूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त किया।

सैनिक परिवार गाजियाबाद की अगली मासिक बैठक 18 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे सैनिक सभागार, जिला सैनिक बोर्ड में आयोजित की जाएगी।



