Homeगाजियाबादशिक्षासामाजिक

कंपोजिट विद्यालय सुल्तानपुर में निकली ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली, शिक्षा के प्रति किया जागरूक

गाजियाबाद,(आनन्द धारा) उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार बुधवार को विकासखंड मुरादनगर स्थित कंपोजिट विद्यालय सुल्तानपुर में शैक्षिक सत्र 2026-27 के द्वितीय चरण के अंतर्गत ‘स्कूल चलो अभियान’ का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामवासियों की सहभागिता से जागरूकता रैली निकाली गई, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना तथा शिक्षा के प्रति समाज को जागरूक करना था।

रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने “घर-घर शिक्षा दीप जलाओ, अपने बच्चे जरूर पढ़ाओ”, “शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो इसे पिएगा वही दहाड़ेगा” जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए। शिक्षकों ने ग्रामीणों और अभिभावकों से अपने सभी बच्चों, विशेषकर बेटियों, को विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने बताया कि शिक्षित बेटी न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बनती है, बल्कि पूरे परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय में नामांकन बढ़ाने, बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विद्यालय की अन्य शैक्षिक एवं विकास संबंधी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।

इसके उपरांत विद्यालय में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सहारनपुर से ‘स्कूल चलो अभियान’ के शुभारंभ का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) टेलीविजन के माध्यम से छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं ग्रामीणों को दिखाया गया। मुख्यमंत्री के संबोधन में शिक्षा के महत्व, बालिका शिक्षा और शत-प्रतिशत नामांकन पर विशेष बल दिया गया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्रीमती कविता, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री मौमीन, एआरपी प्रीति त्यागी, मनोरमा, उपेक्षा संत, गीता देवी, रिचा सिंह, देवेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, राजीव शर्मा, ज्योति, मीनू सहित विद्यालय परिवार और ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, ग्रामवासियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button