राजस्थानी संस्कृति की रंगारंग छटा के बीच धूमधाम से संपन्न हुआ हरियाली तीज महोत्सव

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। राजस्थान समाज गाजियाबाद द्वारा आयोजित हरियाली तीज महोत्सव-2026 रविवार को कविनगर स्थित चौधरी भवन में हर्षोल्लास एवं राजस्थानी संस्कृति की रंगारंग छटा के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने परिवार सहित बड़ी संख्या में भाग लेकर पारंपरिक लोक संस्कृति और तीज उत्सव का आनंद लिया।
महोत्सव में पारंपरिक झूले, राजस्थानी लोकगीत एवं लोकनृत्य, कठपुतली नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। महिलाओं एवं बच्चों ने विशेष उत्साह के साथ कार्यक्रमों में भाग लिया। राजस्थानी पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने कार्यक्रम की सांस्कृतिक सुंदरता को और बढ़ा दिया।

महोत्सव में राजस्थान के पारंपरिक स्वादिष्ट व्यंजनों का भी लोगों ने आनंद लिया। आयोजन स्थल पर विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के साथ राजस्थानी संस्कृति, परंपरा और लोक जीवन की झलक देखने को मिली।
राजस्थान समाज गाजियाबाद के अध्यक्ष के. एन. अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश सारदा, सचिव एवं कोषाध्यक्ष उत्तम गाड़िया तथा मेला संयोजक अनिल अग्रवाल सहित समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान समाज के संरक्षक डॉ. आर. के. पोद्दार एवं श्री अनिल नेवटिया का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

महोत्सव के सफल आयोजन पर उपस्थित समाजबंधुओं ने राजस्थान समाज गाजियाबाद के पदाधिकारियों एवं आयोजन समिति को बधाई दी तथा भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।


