
हापुड़,(आनन्द धारा)। जेएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, हापुड़ में बीएससी, बीए, बीकॉम एवं बीएएलएलबी पाठ्यक्रमों में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित सात दिवसीय ओरिएंटेशन कम इंडक्शन कार्यक्रम 2K26 का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महात्मा गांधी सेंट्रल यूनिवर्सिटी, मोतिहारी (बिहार) के पूर्व कुलपति एवं चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के पूर्व प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, इंडियन पॉलिटिकल साइंस एसोसिएशन के महासचिव एवं कोषाध्यक्ष प्रो. संजीव कुमार शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जेएमएस ग्रुप के फाउंडर चेयरमैन राकेश सिंघल, सचिव डॉ. रोहन सिंघल, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आयुष सिंघल, महानिदेशक प्रो. डॉ. सुभाष गौतम, जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. निधि मलिक, प्राचार्य डॉ. धीरज सैनी सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी एवं शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहे।
फाउंडर चेयरमैन राकेश सिंघल ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए नई शुरुआत है, जो उन्हें केवल अकादमिक रूप से ही नहीं बल्कि व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और जीवन मूल्यों के लिए भी तैयार करेगा।
मुख्य अतिथि प्रो. संजीव कुमार शर्मा ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि छात्रों में व्यावहारिक सोच, नैतिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को माता-पिता एवं शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा कि यही जीवन में सफलता की सबसे मजबूत नींव है।
महानिदेशक प्रो. डॉ. सुभाष गौतम ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि बीएससी, बीए, बीकॉम और बीएएलएलबी जैसे पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक, विधि, वाणिज्य और सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं। इन विषयों के माध्यम से छात्र देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागाध्यक्षों ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, सिलेबस और विश्वविद्यालय की मूल्यांकन प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। परीक्षा एवं एंटी-रैगिंग प्रभारी अंकित नगर ने संस्थान की प्रशासनिक एवं अनुशासनात्मक व्यवस्थाओं से अवगत कराया, जबकि ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट हेड पुनीत शर्मा ने संस्थान के उत्कृष्ट प्लेसमेंट रिकॉर्ड और रोजगार के अवसरों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. धीरज सैनी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्राध्यापिका श्रीमती काजल सिद्धू ने किया। प्रशासनिक अधिकारी पवन शर्मा तथा सांस्कृतिक समिति की अध्यक्ष श्रीमती अंकिता शर्मा सहित संस्थान के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा।


