
गाज़ियाबाद,(आनन्द धारा)। ए.बी.ई.एस. कॉलेज में 15 अगस्त 2026 को 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक उत्साह के साथ गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर ए.बी.ई.एस. के महासचिव श्री शाश्वत गोयल ने कहा कि “स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।” वहीं ए.बी.ई.एस. के निदेशक प्रो. (डॉ.) आलोक चौहान ने कहा कि “हमारे छात्रों की प्रतिभा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता ही विकसित भारत के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।”

समारोह में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) कैडेट्स द्वारा परेड एवं बैटल ड्रिल परफॉर्मेंस प्रस्तुत की गई, जिसने अनुशासन, साहस, समन्वय एवं टीम भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने शास्त्रीय एवं पाश्चात्य नृत्य, देशभक्ति गीत, काव्य-पाठ तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता, एकता एवं राष्ट्र गौरव की भावना को अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम में डॉ. किम्मी वर्मा, उप निदेशक-ए.बी.ई.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज, डॉ. अमिता त्रिपाठी, डीन – छात्र कल्याण; डॉ. आर. आर. पांडा, मुख्य प्रॉक्टर; तथा सहित संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र उपस्थित रहे। समारोह ने सभी में देशभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और सुदृढ़ किया।



