
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। बिराज फाउंडेशन और गणेश हॉस्पिटल की ओर से पटेल नगर स्थित चौधरी छबील दास स्कूल में पिंक सेफ्टी ड्राइव के तहत छात्राओं के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को गुड टच और बैड टच की जानकारी देते हुए सुरक्षित रहने के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम में डॉ. मोनिशा शर्मा और डॉ. निशा ने छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों को छोटी उम्र से ही गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाना जरूरी है, ताकि वे किसी भी असहज या अनुचित व्यवहार को पहचान सकें और समय रहते उसके खिलाफ आवाज उठा सकें।

विशेषज्ञों ने छात्राओं को समझाया कि शरीर के निजी अंगों को लेकर किसी भी प्रकार का अनुचित स्पर्श स्वीकार नहीं करना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति उन्हें असहज महसूस कराता है तो तुरंत वहां से हटकर किसी भरोसेमंद अभिभावक, शिक्षक या परिवार के सदस्य को इसकी जानकारी देनी चाहिए। छात्राओं को आपात स्थिति में आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने और जरूरत पड़ने पर मदद लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।
बिराज फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. बिराज सिंह ने बताया कि उनकी संस्था पिंक सेफ्टी ड्राइव के साथ-साथ ऐसे कार्यक्रम भी आयोजित कर रही है जिसमें बच्चों को गुड टच/बैड टच, मानसिक तनाव, मासिक धर्म स्वच्छता की जानकारी दी जा रही है और इसमें गणेश हॉस्पिटल पूरी तरह से सहयोग कर रहा है।



