
नई दिल्ली। दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 वर्षीय मुस्कान की उसके घर में हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के 20 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी हत्या का आरोपी इमरान पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे आपसी रिश्ते और उसमें आई कड़वाहट से जुड़ी परिस्थितियां हो सकती हैं। जांच एजेंसियां मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही हैं और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
ये है पूरा मामला
- मौके से मिली जानकारी के अनुसार, जिस लड़की पर चाकू से हमला किया गया, उसकी पहचान मुस्कान (21) के रूप में की गई है।
- वह स्टूडेंट थी और मॉडलिंग भी करती थी। बताया गया कि हत्या का आरोपी युवक काफी समय से उनका पीछा करता था और दोस्ती करने के लिए दबाव बनाता था।
- आरोपी युवक वेस्ट दिल्ली के ही एक जिम में ट्रेनर बताया जा रहा है।
- मुस्कान के जानकारों ने बताया कि वह चाकू लेकर लड़की के घर पर सेकंड फ्लोर पर पहुंचा और हमला किया है।
- मुस्कान तिलक नगर थाना के महावीर नगर इलाके में रहती थीं। उनकी चीख पुकार सुनकर लोग वहां पर पहुंचे, तब तक आरोपी मौके से फरार हो गया था। खून से लथपथ हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों और वारदात से पहले की घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा हो सकता है।



