
(आनन्द धारा/पवन शर्मा)
गाजियाबाद। सुविख्यात श्री सतपाल महाराज जी की प्रेरणा एवं श्री विभुजी महाराज जी के मार्ग दर्शन में मानव उत्थान सेवा समिति, गाजियाबाद द्वारा संचालित ‘मिशन एजुकेशन’ अभियान के अंतर्गत जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा में सहयोग के लिए निरंतर सेवा कार्य किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 22 अगस्त 2026 को गोविन्दपुरम स्थित संस्कृति वर्ल्ड स्कूल में ‘स्टेशनरी डोनेशन बॉक्स’ रखा गया था। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज के सहयोग से एकत्रित शिक्षण सामग्री को जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाना और उन्हें शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है।

मानव उत्थान सेवा समिति की इस पहल से प्रेरित होकर संस्कृति वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती रचिता त्यागी के नेतृत्व में विद्यालय की अध्यापिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यालय की अध्यापिकाओं खुशी, अमृता, प्रीति, वर्षा, संध्या, खुशी डोबरियाल एवं तन्नू सहित विद्यार्थियों ने जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए विभिन्न प्रकार की पाठ्य सामग्री दान की।
इस अवसर पर ‘मिशन एजुकेशन’ के वॉलंटियर मोहित वर्मा एवं पवन शर्मा ने मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से संस्कृति वर्ल्ड स्कूल को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया। उन्होंने प्रधानाचार्या श्रीमती रचिता त्यागी, समस्त अध्यापिकाओं एवं विद्यार्थियों का जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। समाज के सक्षम वर्ग द्वारा जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग किया जाना एक सराहनीय सामाजिक पहल है। मिशन एजुकेशन अभियान इसी भावना के साथ बच्चों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।



