
गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। मधुबन बापूधाम स्थित कंपोजिट विद्यालय में उस समय स्थिति चर्चा का विषय बन गई, जब मुख्य विकास अधिकारी (CDO) कुमार सौरभ विद्यालय में फोटो एवं वीडियो सेशन के लिए पहुंचे। आरोप है कि मौके पर मौजूद हनुमान सेना के अध्यक्ष ने विद्यालय की व्यवस्थाओं और शिक्षा संबंधी समस्याओं को लेकर अधिकारियों से सवाल किए, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिल सके।
बताया गया कि विद्यालय में अभिभावकों को भी बुलाया गया था, ताकि उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना जा सके। हालांकि, अभिभावकों का आरोप है कि मौके पर उनकी किसी भी समस्या को गंभीरता से नहीं सुना गया। अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी सहित कई समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, लेकिन उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम दिखाई नहीं दे रहे हैं।
मौके पर शिक्षकों की कमी को लेकर पूछे गए सवाल पर CDO कुमार सौरभ की ओर से कथित तौर पर कहा गया कि नई शिक्षक भर्ती होने के बाद विद्यालयों में अध्यापकों की पूर्ति की जाएगी। इस जवाब को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
अभिभावकों का कहना है कि यदि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक ही उपलब्ध नहीं होंगे तो बच्चों की पढ़ाई किस प्रकार सुचारु रूप से हो सकेगी। उनका कहना है कि सरकारी विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर शिक्षकों की कमी जैसी मूलभूत समस्या बनी हुई है।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि जब शिक्षा को प्राथमिकता देने और सरकारी स्कूलों की व्यवस्था बेहतर करने की बात कही जा रही है, तो बच्चों की शिक्षा के लिए आवश्यक शिक्षकों की उपलब्धता भर्ती प्रक्रिया पूरी होने तक क्यों टाली जा रही है।
स्थानीय अभिभावकों ने विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की तत्काल व्यवस्था करने, उनकी समस्याएं सुनने तथा शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।



