मुरादनगर: रामलीला में अहिल्या उद्धार, पुष्प वाटिका और जनकपुरी भ्रमण की लीलाओं का हुआ भव्य मंचन

मुरादनगर,(आनन्द धारा)। टंकी रोड स्थित श्री आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला महोत्सव में श्री महावीर आदर्श रामलीला एवं रासलीला मंडल के कलाकारों ने अहिल्या उद्धार, पुष्प वाटिका तथा जनकपुरी भ्रमण की लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया। लीला में मिथिला नरेश जनक द्वारा सीता स्वयंवर का निमंत्रण मिलने पर मुनि विश्वामित्र श्रीराम और लक्ष्मण को साथ लेकर जनकपुरी के लिए प्रस्थान करते हैं। मार्ग में उन्हें गौतम ऋषि की पत्नी अहिल्या मिलती हैं, जो श्राप के कारण वर्षों से शिला रूप में थीं। प्रभु श्रीराम के चरण स्पर्श से अहिल्या का उद्धार होता है और उन्हें पुनः सम्मान एवं गौरव प्राप्त होता है। इस प्रसंग के मंचन पर श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।
जनकपुरी पहुंचने के बाद श्रीराम और लक्ष्मण गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से पूजा के लिए पुष्प लेने पुष्प वाटिका पहुंचे। इसी दौरान माता सीता अपनी सखियों के साथ वाटिका में आईं। श्रीराम और सीता के इस मनमोहक मिलन के दृश्य ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। पंडाल में श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और सीता मैया के जयकारे लगाए। इसके बाद गुरु की आज्ञा से श्रीराम और लक्ष्मण जनकपुरी भ्रमण के लिए निकले। जिस मार्ग से दोनों भाई गुजरते, उन्हें देखने के लिए नगरवासियों की भीड़ उमड़ पड़ती। श्रीराम की मोहिनी छवि देखकर जनकपुरी वासी मोहित हो गए और चारों ओर दशरथ नंदन श्रीराम की जय-जयकार होने लगी। लीला के दौरान हास्य कलाकार ने भी अपने अभिनय से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के बुद्ध प्रकाश गोयल, अरविंद भारतीय, सुशील गोयल, विनोद धनगर, महेश चंद गोयल, सुभाष चंद्र गुप्ता, अशोक कुमार गुप्ता, सचित गोयल, वासु गुप्ता, भूपेंद्र पाल, सुरेश चंद पहलवान, प्रमोद गोयल, मनोज कुमार, राकेश गर्ग, अर्पित गर्ग, संजय गोयल आदि उपस्थित रहे।



