Homeमनोरंजनसामाजिकसांस्कृतिक

देश की रक्षा में शहादत से परिवारों के संघर्ष तक, भावनाओं को पर्दे पर उतारेगी ‘जो लेख लिखे राम ने’

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। इंदिरापुरम के शक्ति खंड-2 स्थित रिन्यू प्लस (स्किन, हेयर एवं लेजर क्लिनिक) में हिंदी-हरियाणवी फिल्म ‘जो लेख लिखे राम ने’ को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित की गई। रिन्यू प्लस एवं एक्सईएस मोटर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर रितेश ध्यानी के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में फिल्म की स्टारकास्ट ने मीडिया से संवाद किया। पूर्व राज्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सच्चिदानंद पोखरियाल ने फिल्म की टीम की सराहना करते हुए रितेश ध्यानी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। शाम को परिसर में माता की चौकी भी आयोजित की गई।

शहीदों के परिवारों के संघर्ष को दर्शाती है फिल्म

फिल्म के लेखक-निर्देशक रोहित कौशिक और निर्माता शलभ काम्बोज (9th Root International Films) ने बताया कि फिल्म में वीर जवानों के शौर्य, बलिदान और उनके परिवारों के त्याग को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है। कहानी हरियाणा की संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम के साथ शहादत के बाद परिवारों के जीवन में आने वाले बदलावों को भी सामने लाती है।

फिल्म में वरिष्ठ अभिनेता राजेंद्र गुप्ता, संगीता जांगड़ा, साक्षी ओलियान, आरज़ू, अल्पना सुहासिनी और डैनी सहित कई कलाकार शामिल हैं। अरुण गोविल, मुकेश तिवारी, गोविंद नामदेव और मनोज जोशी जैसे प्रतिष्ठित कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।

वरिष्ठ अभिनेता राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि ऐसी कहानियां दर्शकों को जवानों के बलिदान के साथ उनके परिवारों की पीड़ा और संघर्ष समझने का अवसर देती हैं। यह सिनेमा नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का माध्यम बन सकता है।

सच्चिदानंद पोखरियाल ने सराहा प्रयास

पूर्व राज्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सच्चिदानंद पोखरियाल ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा, “ऐसी फिल्में समाज को आईना दिखाती हैं। ये हमें वीर जवानों के त्याग और उनके परिवारों के संघर्ष का एहसास कराती हैं। शहीदों के प्रति सम्मान उनके परिवारों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग में भी दिखाई देना चाहिए।”

उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि फिल्म दर्शकों में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करेगी।

डॉ. स्वाति ध्यानी ने की फिल्म देखने की अपील

रितेश ध्यानी ने फिल्म की टीम, पत्रकारों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। डॉ. स्वाति ध्यानी ने दिल्ली-एनसीआर के दर्शकों से परिवार सहित सिनेमाघरों में फिल्म देखने की अपील करते हुए कहा कि प्रेरणादायक और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी फिल्मों को दर्शकों का समर्थन मिलना चाहिए।

माता की चौकी में भक्तिमय हुआ माहौल

प्रेसवार्ता एवं सम्मान समारोह के बाद शाम को माता रानी की चौकी सजी। भजन-कीर्तन और जयकारों से परिसर भक्तिमय हो गया। उपस्थित गणमान्य लोगों और शुभचिंतकों ने रितेश ध्यानी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की।
यह फिल्म 30 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button