
गाजियाबाद,(पवन शर्मा)। विश्व मधुमेह दिवस के उपलक्ष्य में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) द्वारा आगामी 15 नवंबर, रविवार को भव्य ‘राहगिरी’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को मधुमेह सहित विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। यह आयोजन प्रातः 7 बजे से 11 बजे तक राजनगर स्थित सेंट्रल पार्क के सामने वाली सड़क पर होगा। इसमें आईएमए की पूरी टीम के साथ जिला प्रशासन के अधिकारी भी सहभागिता करेंगे।
प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि आईएमए द्वारा पिछले कई वर्षों से विश्व मधुमेह दिवस पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाते रहे हैं। आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पिछले वर्ष पहली बार ‘राहगिरी’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। लोगों से मिले उत्साहजनक प्रतिसाद को देखते हुए इस वर्ष भी इसे व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मधुमेह रोगियों के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए विभिन्न प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की जाएगी। इसमें डायबिटीज की पहचान एवं उससे जुड़ी जटिलताओं की जांच के लिए रेटिना परीक्षण, वीपीटी न्यूरोपैथी जांच तथा एचबीए1सी टेस्ट शामिल होंगे। इसके अलावा बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी), ब्लड शुगर, लिवर की फाइब्रोस्कैन जांच, दंत परीक्षण, त्वचा परीक्षण और ब्लड प्रेशर की जांच भी निःशुल्क की जाएगी।
स्वास्थ्य जांच के साथ लोगों को जागरूक करने के लिए कई विशेष गतिविधियां भी आयोजित होंगी। आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के उद्देश्य से सीपीआर प्रशिक्षण दिया जाएगा। महिलाओं को ब्रेस्ट सेल्फ चेकअप के प्रति जागरूक किया जाएगा, जबकि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर विशेष संवाद आयोजित होगा।
कार्यक्रम में योग, जुंबा, एरोबिक्स, स्किपिंग और हुला हूप जैसी फिटनेस गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अतिरिक्त नुक्कड़ नाटक और फ्लैश मॉब के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी संदेश दिए जाएंगे। बच्चों एवं युवाओं के लिए मधुमेह विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता, मनोरंजक खेल और डांस गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर डॉ. प्रहलाद चावला ने राहगिरी कार्यक्रम की अनूठी अवधारणा की शुरुआत करने और इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए आईएमए की पूर्व अध्यक्ष डॉ. अल्पना कंसल का विशेष आभार व्यक्त किया।
आईएमए पदाधिकारियों ने मीडिया के माध्यम से शहरवासियों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं और परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विभिन्न फिटनेस गतिविधियों का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम का विवरण:
दिनांक: 15 नवंबर 2026, रविवार
समय: प्रातः 7:00 से 11:00 बजे तक
स्थान: सेंट्रल पार्क के सामने वाली सड़क, राजनगर, गाजियाबाद।



