
दो लाख के सामान की चोरी का आरोप, महिला ने पुलिस आयुक्त से मांगा न्याय
गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरम स्थित आश्रम मार्केट में कॉस्मेटिक की दुकान करने वाली महिला ने दुकान मालिक के खिलाफ पुलिस आयुक्त से शिकायत की है। पीड़िता के मुताबिक वह आश्रम मार्केट में एक दुकान किराए पर लेकर कॉस्मेटिक का सामान बेचती हैं। दो नवंबर 2025 को दुकान मालिक से उनका नोटरी किरायानामा हुआ था।
आरोप है कि आठ अक्टूबर 2026 की रात करीब दो से ढाई बजे दुकान मालिक, पूर्व किराएदार और उसके एक सहयोगी ने दुकान का ताला तोड़कर दो लाख रुपये की कीमत का सामान चोरी कर लिया। कुछ सामान दुकान के बाहर भी फेंक दिया। इसके बाद आरोपी दुकान में अपना ताला लगाकर चले गए।
पीड़िता का आरोप है कि पूर्व किराएदार ने बदले की नीयत से दुकान के सामने अपना वाहन खड़ा कर दिया है, जिससे वह दुकान नहीं खोल पा रही हैं। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
सारा मामला लालच का है
पीड़िता का आरोप है कि सारा मामला लालच का है। पुराना किराएदार मकान मालिक को प्रलोभन देकर दुकान अपने नाम कराना चाहता है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आश्रम मार्केट की दुकान है और आश्रम का ही इस पर अधिकार है, इसके बावजूद दुकान पर कब्जे की कोशिश की जा रही है।
10 तारीख को फिर हुई मारपीट, बेटी भी घायल
पीड़िता का आरोप है कि इसी विवाद के चलते 10 तारीख को फिर उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान उसकी पुत्री भी घायल हो गई। पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग सीसीटीवी में दर्ज हुई है।

पीड़िता का कहना है कि वह पुलिस चौकी पर गई, लेकिन वहां से कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता अभी भी न्याय के लिए भटक रही है और पीड़ित है।
रोजी-रोटी पर संकट
सबसे बड़ी बात यह है कि पीड़िता गरीब परिवार से है। खाने का जरिया यही छोटी सी दुकान है। दुकान बंद होने से उसकी रोजी-रोटी छिन गई है। अब सवाल यह है कि वह कहां से मांग कर खाएगी? एक गरीब महिला की दुकान, उसका सामान और उसकी रोजी-रोटी छीन लेना, क्या यही न्याय है?
समाज में भय और अविश्वास
एक आश्रम के द्वारा, एक साधु के द्वारा और एक पढ़े-लिखे वकील नुमा व्यक्ति के द्वारा इस तरह का कृत्य करना समाज में भय पैदा करता है। ऐसे कृत्यों से सज्जनों का विश्वास उठने लगता है। आश्रम और साधु-संतों से समाज को न्याय, धर्म और सुरक्षा की उम्मीद होती है, न कि गरीब की रोजी-रोटी छीनने की।
पीड़िता ने मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए, चोरी गया सामान बरामद कराया जाए और दुकान खुलवाकर उसे न्याय दिलाया जाए।



