
पत्रकारों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल, पांच युवकों पर मुकदमा दर्ज, दो हिरासत में
गाजियाबाद, (आनन्द धारा)। कविनगर थाना क्षेत्र में पत्रकार मनोज कुमार शर्मा पर हुए जानलेवा हमले ने एक बार फिर पत्रकारों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामूली विवाद में पांच युवकों द्वारा पत्रकार के साथ बेरहमी से मारपीट करने और ईंट से चेहरे व शरीर पर कई वार करने का आरोप है।
हमले में गंभीर रूप से घायल पत्रकार मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मनोज कुमार शर्मा संजयनगर स्थित गोकुलधाम सोसायटी में रहते हैं और एक संस्थान में कार्यरत हैं।
बताया गया कि रात के समय वह कविनगर थाना क्षेत्र के राजनगर में चाऊमीन पैक कराने गए थे।
इसी दौरान रेहड़ी पर किसी अन्य व्यक्ति से धक्का लगने को लेकर विवाद हो गया।
मनोज शर्मा का कहना है कि उनका इस विवाद से कोई लेना-देना नहीं था इसके बावजूद वहां मौजूद चाऊमीन विक्रेता और राजकुमार और सौरव समेत अन्य युवकों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने ईंट से उनके चेहरे और सिर पर कई वार किए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायल पत्रकार को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया।
हालत गंभीर होने पर उन्हें संजयनगर सेक्टर 23 स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने राजकुमार और सौरव समेत तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी नगर धवल जायसवाल ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
*पत्रकारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल* ।
पत्रकार पर हुआ यह हमला केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं बल्कि समाज को सच्चाई से रूबरू कराने वाले पत्रकारिता जगत की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं।
ऐसे में यदि पत्रकार सार्वजनिक स्थानों पर भी सुरक्षित नहीं हैं और मामूली विवाद में उन पर जानलेवा हमला हो रहा है तो यह निश्चित रूप से चिंता का विषय है।
पत्रकार संगठनों और मीडिया जगत से जुड़े लोगों की मांग है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में किसी पत्रकार को इस तरह की हिंसा का शिकार न होना पड़े।
पत्रकारों की सुरक्षा केवल मीडिया जगत का मुद्दा नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की सुरक्षा का भी सवाल है।



