
गाजियाबाद,(पवन शर्मा)। संस्कृति वर्ल्ड स्कूल में दीपावली का पावन पर्व बड़े ही उत्साह, हर्षोल्लास और पारंपरिक अंदाज में मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकाश, प्रेम, सौहार्द और सकारात्मकता का संदेश देने के साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की संचालन टीम एवं शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती रचिता त्यागी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को दीपावली के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को अपने जीवन में सदैव सकारात्मकता और सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सुरक्षित, प्रदूषणमुक्त एवं पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भक्तिभाव के साथ ‘श्री रामचंद्र कृपालु भज मन’ स्तुति का सुमधुर गायन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा और उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने प्राकृतिक रंगों, फूलों और दीपों का प्रयोग कर आकर्षक रंगोलियां बनाईं तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाचार्या श्रीमती रचिता त्यागी के साथ शिक्षिकाओं खुशी, प्रीति, संध्या, दीप्ति, महक और तन्नू का विशेष योगदान रहा। सभी शिक्षिकाओं ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें सांस्कृतिक मूल्यों, सामूहिक सहयोग और रचनात्मकता का महत्व समझाया।
अंत में विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और अपने जीवन में खुशियों, प्रेम एवं सद्भाव का प्रकाश फैलाने का संकल्प लिया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और यादगार रहा।



