
गाजियाबाद, (आनन्द धारा)। आगामी विधानसभा निर्वाचन में दिव्यांग मतदाताओं को सुगम और सुविधाजनक मतदान का अवसर उपलब्ध कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने जनपद के दिव्यांगजनों से अपील की है कि जिनका मतदाता पहचान पत्र (EPIC) बना हुआ है, लेकिन मतदाता सूची में दिव्यांगजन (PwD) के रूप में नामांकन नहीं हुआ है, वे ऑनलाइन Form-8 के माध्यम से अपनी PwD Marking अवश्य कराएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि PwD Marking होने के बाद पात्र दिव्यांग मतदाता मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर, रैंप, सुगम आवागमन, अलग कतार और प्राथमिकता के आधार पर मतदान जैसी सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे। इसके अलावा स्वयंसेवकों की सहायता, पात्र मतदाताओं के लिए निःशुल्क परिवहन तथा दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए ब्रेल सुविधायुक्त ईवीएम और अन्य आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
ऐसे कराएं ऑनलाइन आवेदन
दिव्यांग मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ पर मोबाइल नंबर और ओटीपी से लॉगिन करें। इसके बाद Form-8 में ‘Request for Marking as Person with Disability’ विकल्प चुनकर अपना EPIC नंबर, व्यक्तिगत विवरण और दिव्यांगता संबंधी जानकारी भरें। घोषणा स्वीकार कर आवेदन सबमिट करें तथा प्राप्त रेफरेंस नंबर सुरक्षित रखें। आवेदन की स्थिति वेबसाइट पर ‘Track Application Status’ के जरिए देखी जा सकती है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अधिक से अधिक दिव्यांग मतदाताओं को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान संबंधी सुविधाओं से वंचित न रहे।



