Homeगाजियाबादप्रशासनसामाजिक

17 नवंबर को जारी होगी प्रारूप मतदाता सूची, जिलाधिकारी ने AOA-RWA को दिए निर्देश

गाजियाबाद, (आनन्द धारा)। जनपद में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (एसएसआर) अभियान के तहत प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रशासन ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मादंड की अध्यक्षता में आईटीएस कॉलेज, मोहन नगर में एओए और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने आवासीय सोसायटियों के अध्यक्षों और सचिवों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनसे फॉर्म-6 भरवाकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से पंजीकरण कराया जाए। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 भरने की व्यवस्था है।

उन्होंने बताया कि 17 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होने के बाद सभी नागरिक ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से अपना नाम अवश्य जांचें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं मिलता है तो वह तत्काल फॉर्म-6 भरकर बीएलओ से संपर्क करे। एओए और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से भी कहा गया कि वे सोसायटियों के प्रत्येक परिवार को ऐप डाउनलोड करने और मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के लिए जागरूक करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है। इसके लिए सभी अधिकारी और सोसायटी पदाधिकारी जनभागीदारी के साथ अभियान को सफल बनाएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर विकास कश्यप, उप जिलाधिकारी अजीत सिंह, अपर उप जिलाधिकारी राम शंकर सहित विभिन्न आवासीय सोसायटियों के एओए एवं आरडब्ल्यूए पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button