
गाजियाबाद,(आनन्द धारा न्यूज़)। राष्ट्रवादी संगठन सैल्यूट तिरंगा ने संगठन विस्तार के तहत गाजियाबाद के चर्चित समाजसेवी संजीव तेवतिया को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है। बुधवार को आयोजित नियुक्ति समारोह में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश झा एवं राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सच्चिदानन्द पोखरियाल ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश झा ने कहा कि संजीव तेवतिया गाजियाबाद में समाजसेवा और राष्ट्रभक्ति के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके संगठन से जुड़ने से सैल्यूट तिरंगा और अधिक सशक्त होगा तथा राष्ट्रवाद के विचार को देशभर में मजबूती मिलेगी।
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सच्चिदानन्द पोखरियाल ने संगठन की विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सैल्यूट तिरंगा राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि मानता है। संगठन तिरंगा यात्राओं, शहीद स्मरण कार्यक्रमों, महिला एवं युवा मोर्चा तथा सामाजिक अभियानों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है।
नव नियुक्त राष्ट्रीय सचिव संजीव तेवतिया ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि वे पूरे समर्पण के साथ संगठन की नीतियों को आगे बढ़ाते हुए गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश और देशभर में राष्ट्रवाद को मजबूत करने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ब्रजपाल तेवतिया, प्रदेश अध्यक्ष संदीप चौधरी, राजेश रावत, सुभाष प्रधान, प्रिया बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने संजीव तेवतिया को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।



