डासना में 250 बीघा सरकारी जमीन पर मिला प्रशासनिक कब्जा, जिलाधिकारी ने कहा- अवैध कब्जों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

गाजियाबाद,(आनन्द धारा)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में गाजियाबाद जिला प्रशासन ने सरकारी भूमि को भूमाफियाओं और अवैध कब्जाधारकों से मुक्त कराने के अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने ग्राम डासना, परगना डासना स्थित करीब 20 हेक्टेयर सरकारी भूमि पर अपना कब्जा प्राप्त कर लिया है।
राजस्व अभिलेखों के अनुसार ग्राम डासना की खसरा संख्या-33 की लगभग 20.0000 हेक्टेयर भूमि वर्ष 1359 फसली से सरकारी संपत्ति के रूप में दर्ज है। उक्त भूमि के संबंध में उपजिलाधिकारी न्यायालय में धारा-145 के तहत वाद भी विचाराधीन है।
प्रशासनिक टीम ने राजस्व विभाग, पुलिस बल और संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर भूमि का निरीक्षण किया। इसके बाद विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए सरकारी भूमि पर प्रशासनिक कब्जा प्राप्त किया गया। मौके पर सूचना पट्ट लगाए गए हैं, जिनमें स्पष्ट किया गया है कि भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण, अतिक्रमण या खरीद-फरोख्त प्रतिबंधित है।
उपजिलाधिकारी सदर श्री अरुण दीक्षित ने पुलिस बल, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में सार्वजनिक मुनादी कराकर लोगों को जागरूक किया कि यह भूमि सरकारी संपत्ति है और इस पर अवैध कब्जा करना या खरीद-बिक्री करना दंडनीय अपराध है।
प्रशासन के अनुसार उक्त भूमि का वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 260 करोड़ रुपये है और इसका क्षेत्रफल करीब 250 बीघा है।

इस कार्रवाई के दौरान जिलाधिकारी गाजियाबाद श्री रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कहा कि जिले में सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भूमाफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पूर्व में किए गए कब्जों को भी चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि सरकारी भूमि से जुड़े अवैध निर्माण या कब्जे की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



