Homeगाजियाबादपरिवहनप्रशासन

गाजियाबाद में बिना परमिट दौड़ रही बसों पर चला परिवहन विभाग का डंडा, 120 के चालान और 90 सीज

गाजियाबाद। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार गाजियाबाद सम्भाग में अवैध एवं नियमों के विपरीत संचालित बसों के विरुद्ध एक दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), गाजियाबाद डॉ. सियाराम वर्मा द्वारा किया गया। यह अभियान गाजियाबाद सम्भाग के अंतर्गत आने वाले जनपद गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलन्दशहर एवं हापुड़ में एक साथ संचालित किया गया।
प्रवर्तन टीमों द्वारा राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, बस स्टेशनों, टोल प्लाजा, प्रमुख चौराहों तथा अन्य संवेदनशील स्थलों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बिना वैध परमिट, कर अदायगी में अनियमितता, फिटनेस प्रमाण-पत्र के अभाव तथा मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए संचालित बसों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 120 बसों का चालान किया गया, जबकि 90 बसों को निरुद्ध (सीज) किया गया। इस कार्रवाई के अंतर्गत संबंधित वाहन स्वामियों पर लगभग 45.50 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क अधिरोपित किया गया।
सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. सियाराम वर्मा ने कहा कि बिना वैध अभिलेखों के संचालित वाहन सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करते हैं। ऐसे वाहनों से न केवल राजस्व की हानि होती है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर संचालित किए जाएंगे।
उन्होंने वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों का संचालन सभी वैध दस्तावेजों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप करें, जिससे सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके तथा परिवहन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button