गाजियाबाद में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने पर भव्य कार्यक्रम, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया योजनाओं का अवलोकन

गाजियाबाद। केंद्र सरकार के “सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण” के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास भवन, गाजियाबाद में तीन दिवसीय कार्यक्रम एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक ने पहुंचकर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और आमजन को दी जा रही योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली।
उपमुख्यमंत्री के आगमन पर जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने सूचना विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया।
उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक ने कृषि विभाग द्वारा आयोजित गोष्ठी “प्राकृतिक खेती, कृषक कल्याण, कृषि, पौध संरक्षण, जैविक कीटनाशक एवं मिलेट्स” का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी भाग लिया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है। सरकार ने अपराध नियंत्रण, बेहतर कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली और गरीब कल्याण के क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम-कुसुम योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं से किसानों को आर्थिक मजबूती मिल रही है और कृषि क्षेत्र में नई संभावनाएं बढ़ रही हैं।
कार्यक्रम में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की प्रदर्शनी और सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर कार्यक्रम की यादें संजोईं।
प्रदर्शनी में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, नगर निगम, समाज कल्याण, कौशल विकास, पशुपालन सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि 19 जून को प्रदर्शनी के अंतिम दिन प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, एनजीओ सहभागिता और पेंशन योजनाओं को लेकर विशेष गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक मौजूद रहे।



