गाजियाबाद प्रीमियर लीग में साई किंग्स की शानदार जीत, मिग्सन चैंप्स को 6 विकेट से हराया

गाजियाबाद, (आनन्द धारा)। अल्फा क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए गाजियाबाद प्रीमियर लीग के रोमांचक मुकाबले में साई किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिग्सन चैंप्स को 6 विकेट से हराकर जीत अपने नाम कर ली। 204 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए साई किंग्स ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 206 रन बना लिए। टीम की जीत के हीरो रहे गौतम सक्सेना, जिन्होंने दबाव भरे मुकाबले में नाबाद 98 रनों की विस्फोटक पारी खेली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मिग्सन चैंप्स की शुरुआत खराब रही। टीम ने शुरुआती दो विकेट महज 17 रन के स्कोर पर गंवा दिए। इसके बाद सिद्धार्थ यादव और बबलू त्यागी ने मोर्चा संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की और तीसरे विकेट के लिए 128 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
सिद्धार्थ यादव ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए 35 गेंदों में 78 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं बबलू त्यागी ने 48 गेंदों में 61 रनों का योगदान दिया। अंतिम ओवरों में अक्ष सिंघल ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों में 34 रन जोड़कर टीम का स्कोर 20 ओवर में 203 रन तक पहुंचाया।
साई किंग्स की ओर से आयुष चौधरी और विनीत दुबे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए। आर्यन वत्स और आरडी जेविरा को भी एक-एक सफलता मिली।
जवाब में मैदान पर उतरी साई किंग्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। अभिषेक गोस्वामी ने 20 गेंदों में 42 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दी। इसके बाद गौतम सक्सेना ने पारी को संभालते हुए मिग्सन चैंप्स के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने 47 गेंदों में 98 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 9 शानदार छक्के शामिल रहे।
विक्रम सिंह ने भी 15 गेंदों में 26 रन बनाकर उनका भरपूर साथ दिया। मिग्सन चैंप्स की ओर से श्रीकांत और अक्ष सिंघल ने दो-दो विकेट लिए, लेकिन टीम के अन्य गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ सके।
शानदार बल्लेबाजी के लिए गौतम सक्सेना को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इस जीत के साथ साई किंग्स ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।



